जैसा कि आप सभी जानते ही हैं कि आज-कल लॉकडाउन के कारण घर से बाहर निकलने पर रोक लगी हुई है। ऐसे में मॉर्निंग वॉक या व्यायाम के लिए सड़क, जिम या पार्कों में जाना लगभग असंभव-सा हो गया है। लेकिन इसका यह मतलब कतई नहीं है कि हम अपनी फिटनेस पर ध्यान देना बिल्कुल ही बंद कर दें।
आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप अपने घर के सीमित स्थान में भी नियमित रूप से एक्सरसाइज कर सकते हैं और अपने शरीर को फिट बनाये रख सकते हैं।
घर में मॉर्निंग / ईवनिंग वॉक का स्थान खोजें
अगर आपके घर में महंगी ट्रेडमिल मशीन नहीं है तो आप चिंता न करें। इसके बिना भी आप अपने घर के अंदर ही मॉर्निंग या ईवनिंग वॉक कर सकते हैं। अगर आपके घर या बिल्डिंग में खुली छत (टैरेस), बालकनी या बरामदा है, तो आप वहां पर मॉर्निंग या ईवनिंग वॉक करें। अगर आपके घर में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो भी आपको निराश होने की कोई जरूरत नहीं है। आप अपने घर के किसी एक कमरे में (जो खाली हो या फिर जिसमें कम सामान रखा हो) मॉर्निंग/ ईवनिंग वॉक का स्थान बना सकते हैं या फिर अपने घर के विभिन्न कमरों से होते हुए एक वॉकिंग ट्रैक बना सकते हैं। अपने घर के सामान को इस प्रकार व्यवस्थित करें की वह आपके इस वॉकिंग ट्रैक के रास्ते में बाधा न बने और आप बिना किसी चीज़ से टकराये मजे से मॉर्निंग/ ईवनिंग वॉक कर सकें। आप चाहें तो इस वॉकिंग ट्रैक की लम्बाई भी नाप सकते हैं, जिससे आपको पता रहे कि रोज आप कितने किलोमीटर वॉक कर रहे हैं।
डांस करें
डांसिंग भी एक प्रभावी और आसान एक्सरसाइज है। इसके लिए डांस में एक्सपर्ट होने की कोई जरूरत नहीं है। बस अपना मनपसंद पार्टी सांग लगाइये और शुरू हो जाइये। इससे आपको दोहरा फायदा होगा - संगीत से आपका मन प्रसन्न होगा और डांस से शरीर भी फिट रहेगा। आप अपने नए डांस स्टेप्स बना सकते हैं या फिर किसी विशेष प्रकार का डांस भी इंटरनेट से सीख सकते हैं। इससे आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और आप एक नई स्किल भी सीख लेंगे। डांस वजन घटाने का भी एक कारगर उपाय है। अतः अगर आप लॉकडाउन के दौरान रोज नियमित रूप से डांस करते हैं, तो लॉकडाउन के बाद आप जब बाहर निकलेंगे तो खुद में एक सकारात्मक बदलाव जरूर महसूस करेंगे।
पैरों का व्यायाम
सबसे पहले अपने घर की बालकनी, छत या किसी भी ऐसे स्थान पर सीधे खड़े हो जाएँ, जहाँ पर पैरों को सामने की ओर फ़ैलाने की पर्याप्त जगह हो। इसके बाद बारी- बारी से अपने दोनों पैरों को जितना ऊँचा उठा सकते हो, उठाएं। इस बात का खास ध्यान रखें कि पैर मुड़ें न और अपनी सामर्थ्य से ज्यादा ऊँचाई तक पैरों को न उठाएं। पैरों को नाभि जितनी ऊँचाई तक ले जाने का प्रयास करें और धीरे-धीरे अपनी स्पीड बढ़ाते जाएँ। अपना संतुलन बनाये रखने के लिए अपने हाथों को किसी मेज़ आदि पर रख सकते हैं। यह व्यायाम तब तक करें, जब तक आप थक न जाएँ। इससे पूरे शरीर में रक्त का संचरण तेज़ गति से होगा। थोड़ा विश्राम कर के फिर यही व्यायाम दोहराएं लेकिन इस बार पैरों को सामने की जगह पीछे की और उठाएं। इस व्यायाम को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दोहराएं।
बच्चों के साथ खेलें
अगर आपके घर में छोटे बच्चे हैं तो वे भी लॉकडाउन के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे होंगे और घर पर बोर हो रहे होंगे। ऐसे में आप उनके साथ घर में ही कुछ फिजिकल एक्टिविटी वाले गेम्स जैसे पकड़म-पकड़ाई, कबड्डी आदि खेल सकते हैं, जिससे बच्चों का मनोरंजन और टाइमपास भी हो जायेगा और आपकी एवं बच्चों की एक्सरसाइज भी हो जाएगी।
योग एवं प्राणायाम करें
अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बनाये रखने के लिए रोज योग एवं प्राणायाम करना सबसे पुराना और विश्वसनीय उपाय है। अगर आपको इस के बारे में अधिक जानकारी नहीं है, तो आप टीवी चैनल्स या इंटरनेट से इसके बारे में जानकारी ले कर इसका लाभ उठा सकते हैं। रोज नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम करने से हमारे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है, जो कोरोना वायरस से लड़ने में अहम भूमिका निभाती है।
तो अब बहाने बनाना छोड़िये और आज से ही अपनी फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दीजिये, क्योंकि लॉकडाउन का मकसद कोरोना महामारी का फैलाव रोकना है, हमारी सेहत और ज़िन्दगी की रफ़्तार को रोकना नहीं।
आवश्यक सूचना: इस लेख में बताई सभी एक्सरसाइज आदि केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। इस पर अमल करने से पहले अपने डॉक्टर या हेल्थ एक्सपर्ट से अवश्य सलाह लें। बिना एक्सपर्ट एडवाइस के इस पर अमल करने के कारण होने वाली किसी भी तरह की हानि की लेखक की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।